लोकवाणी कार्यक्रम में 8वीं बार मुखातिब हुए मुख्यमंत्री…सीईओ जिला पंचायत जगदलपुर,सरपंच, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं महिलाओं ने कार्यक्रम को सुनकर सराहना की है…

339

जगदलपुर, 08 मार्च 2020/मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि मातृ-शक्ति को हमारे धर्म, आध्यात्म, परपंरा, संस्कार एवं लोकजीवन में पूज्यनीय सम्मान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में तो देवी को हर स्वरूप में मां माना जाता है। उन्होनें दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी, डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी, रतनपुर में मां माहामाया, चन्द्रपुर में मां चन्द्रहासनी के शक्तिपीठ का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके आशीर्वाद से हम तरक्की करते हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल आज 8 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपनी मासिक रेडियोवार्ता “लोकवाणी” की 8वीं कड़ी में “महिलाओं को बराबरी के अवसर” विषय पर प्रदेशवासियों कें साथ विचार साझा कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होनें प्रदेशवासियों एवं महिलाओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली त्यौहार की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। बस्तर जिले के जगदलपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भवन माड़पाल में आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री इन्द्रजीत चन्द्रवाल, सरपंच श्रीमती मंदना नाग सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने लोकवाणी कार्यक्रम को सुनकर सराहना की।

मुख्यमंत्री ने रेडियोवार्ता में कहा कि छत्तीसगढ में स्त्री-पुरूष अनुपात राष्ट्रीय औसत से बेहतर है और इसमें लगातार सुधार हो रहा है। आदिवासी अंचलों में तो महिलाओं की संख्या पुरूषों से भी अधिक है। जो देश और दुनिया के लिए एक उदाहरण है। इस अवसर पर उन्होनें छत्तीसगढ में महिला सम्मान को उनके अधिकारों और स्वावलम्बन से जोड़ने के लिए बनाये गये रणनीति के संबंध में भी जानकारी दी। श्री बघेल ने कोरोना वायरस से उत्पन्न वातावरण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे नहीं डरने की सलाह दी। श्री बघेल ने इनके उपायों को समझने और अपनाने को कहा। मुख्यमंत्री ने लोकवाणी के माध्यम से प्रदेशवासियों को होली त्यौहार की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का त्यौहार है। साथ ही रंगों में रंग मिलाने का अर्थात् हर इंसान के बीच. समन्वय, सद्भाव का त्यौहार है। इस अवसर पर उन्होनें 20 मार्च को भक्त माता कर्मा जयंती तथा बीरागंना अवंतीबाई लोदी का बलिदान दिवस का भी उल्लेख किया। साथ ही उन्होने नवरात्र और चैतीचांद पर्व की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी का जीवन अपने परिवार की सारी आवश्यकताओं के लिए समर्पित रहता है। उन्होने कहा कि नारी को अन्नपूर्णा भी कहा जाता है। श्री बघेल ने कुपोषण के दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्मंत्री सुपोषण अभियान 02 अक्टूबर 2019 से प्रदेश के सभी जिलों में शुरू किया गया है। उन्होने इस योजना के लाभ के संबंध में भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आगे बढने के रास्ते में आने वाले बाधाओं पर भी प्रकाश डाला। श्री बघेंल ने कहा कि विगत सवा साल से छत्तीसगढ सरकार ने महिलाओं के सम्मान को अधिकार देकर मजबूत किया है। उन्होने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी ही नही सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीईओ जिला पंचायत, सरपंच एवं महिलाओं ने लोकवाणी कार्यक्रम की सराहना की –

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री इन्द्रजीत चन्द्रवाल, ने लोकवाणी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की जनता से वार्तालाप शैली में मुखातिब होकर उनके सुख-दुख को जानने, समझने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आज अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर समाज में महिलाओं का स्थान एवं उनके योगदान को रेखांकित करने के अलावा राज्य में महिला सशक्तिकरण हेतु चलाये जा रहे कार्यक्रमों की भी जानकारी दी, जो वास्तव में सराहनीय है।

ग्राम पंचायत माड़पाल के सरपंच श्रीमती मंदना नाग, ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने लोकवाणी कार्यक्रम के माध्यम से सीधे मुखातिब होकर अपने आत्मीय एवं सहज संवाद से प्रदेश की जनता से अटूट संबंध स्थापित कर लिया है। उन्होने कहा कि लोकवाणी का आज का प्रसारण बहुत ही रोचक, प्रेरणास्पद एवं ज्ञानवर्धक रहा। ग्राम माड़पाल के मितानिन श्रीमती लक्ष्मी धरत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने लोकवाणी कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की जनता से सीधे रूबरू होकर आम जनता की वास्तविक समस्याओं एवं जरूरतों को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

महिला स्व सहायता समुह ग्राम माड़पाल के गीता महिला स्व सहायता समूह के सदस्य श्रीमती दिपिका यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल लोकवाणी कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता से सीधे बातचीत कर जमीनी हकीकत एवं उनके वास्तविक जरूरतों को समझने का प्रयास करते हैं। उन्होने कहा कि आज के प्रसारण में महिलाओ के उत्थान एवं कल्याण के प्रति मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को समझने का अवसर मिला।

Live Cricket Live Share Market