दिन में काम करने के बाद रात में किताबों के साथ समय बिताते थे एडवोकेट टोमन यादव…उनकी जीवन यात्रा उन सभी के लिए एक मिसाल है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा रखते हैं

750

कमलेश यादव : घर की चारदीवारी उनके जुनून और सपनों की गवाह है। अभावों और कठिनाइयों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा रखने वाले युवा टोमन लाल यादव का बचपन बेहद गरीबी में बीता। इसके बावजूद उन्होंने शिक्षा का मार्ग कभी नहीं छोड़ा। दिन में काम करने के बाद, टोमन अपने सपने को पूरा करने के लिए रात में किताबों के साथ समय बिताते थे । आज वे अधिवक्ता बनकर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।

टोमन लाल यादव का जीवन संघर्ष और सफलता की एक प्रेरणादायक कहानी है। उनका जन्म 4 मार्च 1988 को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में हुआ था। उनके पिताजी गंज मंडी में हमाल का कार्य करते थे और उनका बचपन अत्यंत गरीबी में बीता। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि उन्हें बचपन से ही किराना स्टोर्स में काम करना पड़ा।

शिक्षा
इस कठिन परिस्थिति के बावजूद, टोमन ने हार नहीं मानी। उन्होंने बीएससी, एलएलबी और एमएसडब्लू की शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण और कठिन परिश्रम उन्हें आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ। स्कूल और कॉलेज के दिनों में उन्हें कई बार आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी इच्छाशक्ति ने उन्हें कभी पीछे नहीं हटने दिया।

प्रेरणास्रोत
दृढ़ निश्चयी युवा टोमन यादव को वकील बनने की प्रेरणा बचपन में ही मिली। वे राजनांदगांव जिले के प्रसिद्ध अधिवक्ता मनोज चौधरी से बहुत प्रभावित थे। चौधरी जी की न्यायप्रियता और समाज सेवा की भावना ने टोमन को अधिवक्ता बनने के लिए प्रेरित किया। टोमन ने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दिन-रात मेहनत की और आखिरकार वे वकील बन गए।

सफलता का श्रेय
वे शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक महोबिया के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं…महोबिया जी ने उन्हें कानून की बारीकियां सिखाई हैं और वरिष्ठ अधिवक्ता दुबे जी समय-समय पर उन्हें उचित सलाह देते रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों को दिया है, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। टोमन लाल यादव ने अपने संघर्ष और कड़ी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि अगर मन में सच्ची लगन और दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मुश्किल रास्ता बाधा नहीं बन सकता।

जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर
वकील बनने के बाद भी टोमन ने अपने अतीत को नहीं भुलाया। वे अपने संघर्ष के दिनों को याद रखते हुए हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कई गरीब और असहाय लोगों को न्याय दिलाने में सहायता की है। उनके इस सामाजिक योगदान ने उन्हें समाज में एक सम्मानजनक स्थान दिलाया है।

हर चीज में सकारात्मक पहलू देखना चाहिए
एडवोकेट टोमन लाल यादव का मानना ​​है कि हर किसी को सपने देखने चाहिए और उस सपने को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए, अगर आप हमेशा लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करेंगे तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता, हो सकता है कि आपको पहले प्रयास में सफलता न मिले लेकिन घबराएं नहीं, मेहनत करते रहें, एक दिन आपको सफलता जरूर मिलेगी।’

अधिवक्ता टोमन लाल यादव की यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि अगर इंसान में आत्मविश्वास और मेहनत करने की लगन हो, तो कोई भी बाधा उसे रोक नहीं सकती। उनकी जीवन यात्रा एक मिसाल है उन सभी लोगों के लिए जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने की हिम्मत रखते हैं। टोमन लाल यादव का जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणा स्रोत है, जो यह सिखाता है कि संघर्ष और परिश्रम का फल अवश्य मिलता है।

Live Cricket Live Share Market

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here