
छठवें राष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को चार पदक, खिलाड़ियों ने किया राज्य का नाम रोशन
रायपुर : जयपुर स्थित पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में 10 से 13 जनवरी तक आयोजित छठवें राष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीते। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर के 250 से अधिक पैरा तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों में तोमन ने 1 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। हरिओम शर्मा, अमित और श्याम कुमारी ने 1-1 कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन में कोच मनमोहन पटेल के मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम ने अहम भूमिका निभाई।
छत्तीसगढ़ तीरंदाज संघ के महासचिव आयुष मुरारका ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों ने न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश में एक मिसाल कायम की है।
पिछले वर्ष हरिओम शर्मा ने राष्ट्रीय तीरंदाजी में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया था। इस बार उनका लक्ष्य स्वर्ण पदक है। उनकी खेल भावना और उत्साह से अन्य खिलाड़ी भी प्रेरणा ले रहे हैं।
समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। इस आयोजन ने दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके खेल कौशल को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।