
छत्तीसगढ़ सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की वस्तुओं, धान की मिलिंग, डीजल-पेट्रोल, एलपीजी सहित कई सेवाओं को आवश्यक सेवा घोषित किया…..
रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरोनावायरस का फैलाव रोकने के लिए और लोगों को राहत देने के लिए कई घोषणाएं की हैं। राशन, सब्जी, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, एलपीजी सहित कई सेवाओं को आवश्यक घोषित कर दिया गया है। इसका भंडारण और कालाबाजारी करने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि इससे 31 मार्च तक किए गए लॉकडाउन के दौरान लोगों, छात्रों, व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। मीटर रीडिंग-बिलिंग पर भी 31 मार्च तक रोक लगा दी गई है। हाफ रेट पर बिजली योजना के तहत अब एक मुश्त 2 माह का लाभ मिलेगा।
ये सब वस्तुएं और सेवाएं आवश्यक सेवाओं में की गईं शामिल
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की वस्तुओं, धान की मिलिंग, डीजल-पेट्रोल, एलपीजी सहित कई सेवाओं को आवश्यक सेवा घोषित किया गया है। खाद्य विभाग ने राशन, उनके उपार्जन व भंडारण, बारदाने, सल्फास, कीटनाशक, डनेज आदि के संचालन और वितरण को इसमें शामिल किया है। इसी तरह खाद्यान्नों और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में मिलने वाली वस्तुओं की लोडिंग-अनलोडिंग, धान की मिलिंग करने वाली राईस मिलें, अधिसूचित पेट्रोल, डीजल, सीएनजी पंपों, एलपीजी (घरेलू व व्यवसायिक) को इसमें शामिल किया गया है।